नई दिल्ली, 01 मई
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज लद्दाख के लेह में केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान (सीआईबीएस) में डेयरी और सहकारी क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे।
केंद्र सरकार ने लद्दाख में डेयरी अवसंरचना को सशक्त बनाने के लिए कई पहल की हैं। अमित शाह कारगिल में 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाले डेयरी प्लांट की नींव रखेंगे और साथ ही लेह में दही और पनीर उत्पादन इकाइयों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, दूध के भंडारण और परिवहन के लिए बल्क मिल्क कूलर सिस्टम को भी शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही एंड्रॉयड आधारित ऑटोमेटेड मिल्क कलेक्शन सिस्टम (एएमसीएस) ऐप का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे दूध की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को भुगतान में आसानी होगी। मंत्रालय के अनुसार, दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल दूध परीक्षण प्रयोगशाला भी शुरू की जाएगी।
डेयरी उत्पादों के विपणन और वितरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रगतिशील डेयरी किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।











