नई दिल्ली, 13 अप्रैल।
अशोक विहार के पिकनिक हट पार्क में 6 अप्रैल को हुई युवक की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य नाबालिग की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार यह वारदात उत्तर पश्चिमी जिले के अशोक विहार स्थित पिकनिक हट पार्क में हुई थी, जहां एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 टीम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई।
जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू कर दी गई।
इसी बीच 12 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो आरोपी मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास किसी साथी से पैसे लेने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाल बिछाया और दोपहर करीब 2 बजे दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों नाबालिग आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले उसी पार्क में उनका कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था, जिसमें उनके साथ मारपीट और अपमान हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उन्होंने पूरी योजना बनाई थी।
तीनों आरोपियों ने 6 अप्रैल को पीड़ित युवक को पार्क में बुलाया और झाड़ियों के पीछे ले जाकर उस पर हमला कर दिया। पहले उसे बेरहमी से पीटा गया, लेकिन जब वह काबू में नहीं आया तो एक आरोपी ने डैगरनुमा चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की जांच के लिए संबंधित अधिकारी को सौंप दिया है और तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)
