जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल
जिला पुलिस कार्यालय में अपनी शिकायत पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए जहर सेवन करने की कोशिश करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग ढाई बजे टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (23 वर्ष), निवासी मड़वा, जांजगीर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और जबरन एसपी कक्ष में प्रवेश का प्रयास करने लगा। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिस पर उसने विवाद करते हुए धक्का-मुक्की कर भीतर जाने की कोशिश की।
संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया है। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों—प्रभारी पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक—को सूचना दी गई और निर्देश पर उसे जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कर उपचार कराया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपित ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जबरन प्रवेश का प्रयास किया और अपनी शिकायत पर कार्रवाई के दबाव में आत्महत्या का प्रयास किया।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।













