कोलकाता, 06 मई।
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को घोषणा करते हुए बताया कि राज्य में शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार शपथ समारोह में प्रधानमंत्री, एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। इस अवसर पर करीब दो दर्जन मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
भाजपा के लिए बंगाल की राजनीतिक अहमियत को देखते हुए विधायक दल की बैठक के लिए गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। सूत्रों का कहना है कि चुनाव में प्रमुख चेहरा रहे शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिल सकती है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। यह परिणाम पिछले चुनाव के मुकाबले पूरी तरह उलट तस्वीर पेश करता है, जब तृणमूल कांग्रेस को बहुमत मिला था और भाजपा सीमित सीटों पर रही थी।
शपथ ग्रहण के लिए रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती का दिन चुना गया है, जो बंगाली कैलेंडर के अनुसार 25 वैशाख के रूप में मनाया जाता है। इस आयोजन को सांस्कृतिक रूप से भी विशेष महत्व देने की तैयारी की गई है।
असम: फिर मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंत बिस्व सरमा
असम में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के बाद हिमंत बिस्व सरमा को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सहमति बन गई है। उनके नेतृत्व में सरकार गठन की तैयारी जारी है और इसके लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में जेपी नड्डा तथा सह पर्यवेक्षक के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार असम में नई सरकार का गठन 11 मई के बाद किया जाएगा।
तमिलनाडु: विजय संभालेंगे कमान, स्टालिन का इस्तीफा
तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कझगम के नेता चंद्रशेखर जोसफ विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जेएलएन स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है। विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया है और बहुमत सिद्ध करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।
234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के आंकड़े से पार्टी अभी 10 सीट पीछे है। इस बीच एमके स्टालिन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है, जिसे स्वीकृति मिल गई है।







.jpg)




