भोपाल, 25 मई ।
राजधानी भोपाल के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोमवार को सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री सारंग ने कहा कि छोला स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर भोपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां वर्षों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते रहे हैं। इसी विरासत को सहेजते हुए “विरासत भी और विकास भी” की सोच के साथ श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह परियोजना आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि न्यूनतम विस्थापन सुनिश्चित किया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस कॉरिडोर को महाकाल लोक की तर्ज पर आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। लगभग 21 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली इस परियोजना में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, सुगम दर्शन व्यवस्था, भव्य कॉरिडोर, दर्शक दीर्घा, सार्वजनिक आयोजनों के लिए अधोसंरचना, पार्किंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मंत्री सारंग ने बताया कि मंदिर परिसर के विकास में राजस्थान के व्हाइट मार्बल का उपयोग किया जाएगा और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। साथ ही सुंदरकांड की झलक दर्शाने वाला भव्य कॉरिडोर भी तैयार होगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि दशहरा मैदान के खुले स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए वहां दर्शक दीर्घा, विशाल मंच, रावण दहन स्थल और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर के चारों ओर 15 मीटर चौड़ी कांक्रीट सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और नागरिकों के आवागमन में आसानी होगी।
परियोजना के तहत दर्शक दीर्घा के नीचे 100 से अधिक दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। दुकानें और अन्य व्यवस्थाएं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगी।
मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर भविष्य में भोपाल की नई पहचान बनकर उभरेगा।








.jpg)


.jpg)



