भोपाल, 25 मई ।
मध्य प्रदेश सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी की तारीख में संशोधन किया है। अब प्रदेश में 27 मई के स्थान पर 28 मई को अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार शाम इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। नए आदेश के अनुसार 27 मई को सरकारी कार्यालयों और बैंकिंग संस्थानों में सामान्य कामकाज होगा, जबकि 28 मई को अवकाश रहेगा।
राज्य शासन ने पहले 27 मई को ईद-उल-जुहा का अवकाश घोषित किया था, लेकिन चांद दिखने की स्थिति और त्योहार की वास्तविक तिथि 28 मई होने के चलते अवकाश बदलने की मांग उठने लगी थी। इसके बाद शासन स्तर पर तारीख में बदलाव का निर्णय लिया गया।
अवकाश की तिथि संशोधित करने को लेकर बैंक कर्मचारी संगठनों ने भी सरकार से आग्रह किया था। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्यप्रदेश की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत घोषित अवकाश को 27 मई से बदलकर 28 मई करने की मांग की गई थी।
संगठन के समन्वयक वीके शर्मा के अनुसार कर्मचारियों का कहना था कि वास्तविक पर्व की तिथि पर अवकाश रहने से लोग धार्मिक उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मना सकेंगे। इससे पहले दिल्ली और गुजरात सरकारें भी अपने घोषित अवकाश में बदलाव कर चुकी हैं और वहां भी अब 28 मई को ही छुट्टी रहेगी।
राज्य शासन के संशोधित आदेश के बाद अब प्रदेश के सरकारी दफ्तरों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों में 28 मई को ईद-उल-जुहा का अवकाश रहेगा।




.jpg)



.jpg)


.jpg)



