कोलकाता, 08 अप्रैल 2026।
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अब परिवर्तन की मांग तेज हो चुकी है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग की पहाड़ियों से लेकर सुंदरबन के द्वीपों तक और उत्तर बंगाल के चाय बागानों से लेकर कोलकाता की सड़कों तक जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस पर कट मनी, घोटालों और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा राज्य में गंभीर चिंता का विषय बन गई है और कई घटनाओं ने प्रदेश की छवि को प्रभावित किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण श्रमिकों और युवाओं को कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। उनके अनुसार कई क्षेत्रों में मजदूरों को प्रतिदिन 150 से 200 रुपये तक की मजदूरी मिल रही है, जबकि अन्य राज्यों में इससे बेहतर स्थिति है।
नितिन नवीन ने भरोसा दिलाया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाएगा, रिक्त पदों को भरा जाएगा और भर्ती से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रभावित युवाओं को आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने पर भी विचार किया जाएगा।
उन्होंने चाय बागान क्षेत्रों के विकास, श्रमिकों के कल्याण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की बात कही। साथ ही केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का भी आश्वासन दिया।
अपने भाषण के अंत में उन्होंने उत्तर बंगाल के मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने और राज्य में नई सरकार बनाने का आह्वान किया।













