मुंबई, 11 अप्रैल।
पालघर जिले के बोईसर इलाके में एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर अवैध देह व्यापार का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्पा का मुख्य संचालक फिलहाल फरार है।
यह स्पा सेंटर बोईसर पूर्व के बेटेगांव ग्राम पंचायत क्षेत्र में “निंबा वेलनेस” नाम से संचालित हो रहा था और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। स्थानीय शिकायतों के आधार पर पुलिस को संदेह था कि यहां मसाज सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
मामले की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक भेजकर जांच की, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आई। इसके बाद शुक्रवार शाम पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने सादी वर्दी में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान स्पा के अंदर से देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद तुरंत तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। सभी पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित पुनर्वास केंद्र भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पा से जुड़े तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।










.jpg)
