नई दिल्ली, 01 मई।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत महिला कार्य समूह की आगामी बैठक की तैयारियों के मद्देनज़र महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने शुक्रवार को पहली बैठक आयोजित की, जिसमें महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर विशेष जोर दिया गया।
इस बैठक में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया। साथ ही, यूएन वूमेन और फिक्की जैसे साझेदार भी इस वर्चुअल बैठक में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव कैरालिन खोंगवार देशमुख ने की, जिन्होंने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए चर्चा की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि बैठक की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण’ के अनुरूप महिलाओं से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। इसमें विशेष रूप से चार प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें शासन और नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी, वित्तीय एवं डिजिटल समावेशन, महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास तथा जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका शामिल हैं।
भारत ने इस बैठक में महिलाओं को आर्थिक विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन का प्रमुख आधार मानते हुए महिला-नेतृत्व वाले विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ब्रिक्स सदस्य देशों ने भारत की अध्यक्षता का स्वागत किया और प्रस्तावित प्राथमिकताओं का समर्थन करते हुए सहयोग बढ़ाने पर बल दिया।
बैठक में की गई चर्चाओं के आधार पर आगामी ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक (6-7 जुलाई 2026) और ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक (8-9 जुलाई 2026) के लिए मार्गदर्शन मिलेगा, जो कि केरल के कोच्चि में आयोजित की जाएंगी।











