अपराध
16 May, 2026

कार-बाइक टक्कर में युवती समेत तीन की दर्दनाक मौत

शहडोल के बेडरा गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों और एक युवती की मौत हो गई, पुलिस जांच जारी है।

शहडोल, 16 मई।

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मानपुर मार्ग पर स्थित बेडरा गांव के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों और एक युवती ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि कार सवार एक व्यक्ति घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों लोग किसी कार्य से जा रहे थे, तभी बेडरा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना ब्यौहारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक ब्यौहारी थाना क्षेत्र के भन्नी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस ने बताया कि पंचनामा और अन्य औपचारिकताओं के बाद नामों की पुष्टि की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को इस दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़