फर्रुखाबाद, 11 मई।
थाना राजेपुर क्षेत्र में युवक की मौत के बाद भड़के बवाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस टीम पर पथराव और मारपीट की गई थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की है। इस प्रकरण में 14 नामजद सहित करीब 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
थाना राजेपुर के दारोगा महेश कुमार की ओर से चाचुपुर जटपुरा गांव के कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दर्ज नामों में कामेश, सुधीर, शिवरतन राजपूत, कश्मीर, ब्रजेश उर्फ भोला, राजा, रजनीश, देशराज, विकास, ननकू, सत्यपाल, शिवम, गुड्डी देवी और सरोजनी सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार उपद्रव के दौरान भीड़ ने सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस बल पर हमला किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











