भोपाल, 29 अप्रैल
थाना सुखीसेवनिया क्षेत्र में हुए गौवंश वध के गंभीर मामले का पुलिस ने मात्र 72 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों पर पहले घोषित इनाम को बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। घटना 26 अप्रैल की है, जब फरियादी ने अपने गौवंश के खेत से गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में खून के निशान और अवशेष मिलने पर गौवंश वध की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर तकनीक की मदद से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इस पूरे मामले में साइबर दक्षता का उपयोग करते हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान की गई, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस ने माज उर्फ भूरा कुरैशी और अमन कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया और गौवंश का मांस अन्य लोगों को बेचने की बात भी सामने आई है।
फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। कार्रवाई के दौरान एक कार, चाकू और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं तथा मामले की जांच जारी है।










.jpg)

