नई दिल्ली, 16 मई।
इस शुक्रवार सिनेमाघरों में तीन बड़ी फिल्मों की टक्कर के बीच बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की पसंद का रुझान साफ नजर आया, जिसमें सूर्या की एक्शन-ड्रामा फिल्म करुप्पु ने बाकी दोनों फिल्मों की तुलना में सबसे मजबूत शुरुआत दर्ज की।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार फिल्म करुप्पु ने रिलीज के पहले दिन देशभर में लगभग 14.40 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए शानदार ओपनिंग हासिल की। आर्थिक चुनौतियों और शुरुआती शोज रद्द होने के बावजूद फिल्म ने मजबूत पकड़ बनाकर दर्शकों का ध्यान खींचा।
आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सूर्या एक ऐसे वकील और योद्धा की भूमिका में नजर आते हैं, जो अदालत और संघर्ष दोनों मोर्चों पर अपनी मजबूती दिखाते हैं। फिल्म में तृषा कृष्णन, योगी बाबू, स्वासिका और इंद्रन्स भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं।
दूसरी ओर आयुष्मान खुराना की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म पति पत्नी और वो 2 दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अपेक्षित सफलता नहीं हासिल कर सकी और पहले दिन केवल 3.85 करोड़ रुपये का कारोबार कर पाई, जो इसके पहले भाग की तुलना में काफी कम माना जा रहा है।
इसी तरह संजय दत्त अभिनीत आखिरी सवाल का प्रदर्शन पहले ही दिन बेहद कमजोर रहा और राजनीतिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म ने मात्र 40 लाख रुपये की कमाई दर्ज की। अमित साध और नमाशी चक्रवर्ती की मौजूदगी के बावजूद दर्शकों की ठंडी प्रतिक्रिया का सीधा असर फिल्म की ओपनिंग पर पड़ा।














.jpg)
.jpg)