जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुरक्षा की मांग को लेकर पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के मामले ने सोमवार दोपहर अचानक हिंसक रूप ले लिया। एसपी कार्यालय परिसर में दोनों पक्षों के परिजन और वकील आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद पहले कहासुनी से शुरू होकर मारपीट में बदल गया और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों से जुड़े वकीलों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। स्थिति बिगड़ते ही दोनों पक्षों के परिजन भी आपस में भिड़ गए और लात-घूंसे चलने लगे।
करीब आधे घंटे तक चले हंगामे से पूरे परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले में युवती के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन पिछले पांच दिनों से लापता थी, जिसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। आरोप है कि जब परिवार उसे वापस लेने पहुंचा तो दूसरे पक्ष के एक वकील ने उसके पिता को थप्पड़ मारा और बुआ के साथ अभद्र व्यवहार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अभय कमांड सेंटर और एसपी कार्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। अधिकारियों ने कहा कि तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।





.jpg)






