जौनपुर, 01 मई।
आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकत्रियां कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कार्यकत्रियों ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों और गरीबों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन उनका क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर वे स्वयं करती हैं, इसके बावजूद उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
आरोप लगाया गया कि कम मानदेय, अधिक कार्यभार और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे कई कार्यकत्रियां स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रही हैं और आर्थिक तंगी के कारण इलाज तक संभव नहीं हो पा रहा है।
कार्यकत्रियों ने यह भी बताया कि संगठन द्वारा कई बार शांतिपूर्ण तरीके से मांगें रखी गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला और अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। महिला दिवस के अवसर पर भी समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे हड़ताल करने को मजबूर होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।










