लखनऊ, 01 मई।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और केंद्र एवं राज्य स्तर पर उनके रोजगार व कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए जोखिम लेना आवश्यक है और केवल नौकरी पर निर्भर रहकर सफलता हासिल नहीं की जा सकती। डर को पीछे छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि जिन्होंने अपने जीवन में कठिन परिस्थितियों में भी रास्ता बनाया, वही लोग इतिहास में याद किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए बड़ी सोच और निरंतर प्रयास जरूरी है।
उन्होंने माउंटेन मैन के उदाहरण के माध्यम से यह भी बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प से असंभव कार्य को संभव बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर उन्हें विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागी बनाना है, ताकि देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाया जा सके।
इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए और विकसित भारत के विजन पर चर्चा की। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।










