अपराध
16 Apr, 2026

शक में युवक बना हैवान, पूर्व प्रेमिका और सहकर्मी का अपहरण कर मारपीट |

मिसरोद क्षेत्र में शक के चलते युवक ने पूर्व प्रेमिका और उसके सहकर्मी का अपहरण कर मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल युवती को एम्स में भर्ती कराया गया है और पुलिस जांच जारी है।

भोपाल, 16 अप्रैल 2026

राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में शक और पुरानी जान-पहचान के विवाद ने एक गंभीर आपराधिक घटना का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक द्वारा अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके सहकर्मी का अपहरण कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवती को गंभीर अवस्था में एम्स में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 26 वर्षीय युवती अवधपुरी क्षेत्र की निवासी है और निजी कंपनी में कार्यरत है। उसका शुभम नामक युवक से करीब दस वर्षों से परिचय था, लेकिन हाल के समय में दोनों के संबंधों में दूरी आ गई थी। इसी दौरान युवक को संदेह हुआ कि युवती की नजदीकियां उसके सहकर्मी राहुल के साथ बढ़ रही हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह आरोपी शुभम युवती को स्कूटर से केंद्रीय विद्यालय के पीछे स्थित एक होटल में ले गया, जहां बाद में राहुल को भी बुलाया गया। कुछ समय बाद वहीं विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने ममेरे भाइयों तथा भाभी के साथ मिलकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसके बाद दोनों पीड़ितों को जबरन कार में बैठाकर बरखेड़ा पठानी क्षेत्र ले जाया गया, जहां एक बार फिर उनके साथ मारपीट की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दोनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

घटना में घायल युवती की हालत बिगड़ने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रेफर किया गया। वहीं युवक भी इस हमले में घायल हुआ है।

मिसरोद पुलिस ने मामले में अपहरण, छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़