भोपाल, 28 अप्रैल
मप्र हाईकोर्ट जबलपुर में ओबीसी आरक्षण मामले की सुनवाई जारी है। इसी बीच सरकार की ओर से पक्ष रख रहे दो विशेष अधिवक्ताओं को हटाए जाने पर ओबीसी महासभा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। ओबीसी महासभा के संस्थापक अध्यक्ष विजय कुमार ने आरोप लगाया कि एडवोकेट रामेश्वर ठाकुर और एडवोकेट विनायक शाह को महाधिवक्ता के निर्देश पर हटाया गया है। उन्होंने इसे पिछड़ा वर्ग के हितों के खिलाफ बताते हुए सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। महासभा का कहना है कि जब भी ओबीसी पक्ष मजबूत पैरवी करता है, तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाती है, जिससे सरकार के आरक्षण लागू करने के दावों पर सवाल उठते हैं। लगातार सुनवाई टलने से भी असंतोष बढ़ रहा है।













