मध्य प्रदेश
28 Apr, 2026

निवाड़ी में दर्दनाक हादसा, आग में जले डंपर चालक-क्लीनर की मौत

निवाड़ी में देर रात डंपर और ट्रॉले की टक्कर के बाद लगी आग में चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई, जिससे दो परिवारों में गहरा शोक फैल गया।

निवाड़ी, 28 अप्रैल

निवाड़ी जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। बड़े तालाब के समीप करीब रात 12:30 बजे तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े ट्रॉले से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद डंपर के केबिन में आग भड़क उठी, जिसमें चालक और क्लीनर फंस गए और दोनों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही क्षणों में पूरा डंपर आग की लपटों में घिर गया। केबिन में फंसे दोनों व्यक्ति बाहर निकलने में असमर्थ रहे और आग ने तेजी से पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इसके बाद क्रेन की सहायता से जले हुए केबिन को काटकर शव बाहर निकाले गए।

पुलिस के अनुसार दोनों चालक और क्लीनर लगभग एक घंटे तक केबिन में फंसे रहे। मृतकों की पहचान बत्तीस वर्षीय राजा अहिरवार और गोपाल अहिरवार के रूप में हुई है, जो दमोह जिले के नरसिंहगढ़ क्षेत्र के चैनपुरा बटियागढ़ गांव के निवासी थे। दोनों आपस में पड़ोसी होने के साथ-साथ जीजा-साले भी बताए जा रहे हैं। हादसे के समय वे डंपर लेकर नरसिंहगढ़ से झांसी के पारीक्षा की ओर जा रहे थे।

निवाड़ी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आई है। सड़क किनारे खड़े ट्रॉले पर पर्याप्त संकेत या रोशनी नहीं थी, जिससे पीछे से आ रहे डंपर चालक को उसका अंदाजा नहीं लग सका। हादसे को गंभीर बनाने में डंपर में भरी सीमेंट निर्माण में उपयोग होने वाली राख भी कारण बनी, जो टक्कर के बाद सड़क पर फैल गई और आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात काबू से बाहर हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया।

इस हादसे के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजा अहिरवार अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, वहीं गोपाल अहिरवार की दो बेटियां हैं। जानकारी के अनुसार गोपाल की पत्नी का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था, ऐसे में अब बच्चों की जिम्मेदारी दादा-दादी पर आ गई है। गांव में गहरा शोक व्याप्त है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले में जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़