शाहजहांपुर, 09 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में थाना चौक कोतवाली क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि दो बदमाश मोटरसाइकिल से किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर की ओर आ रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने टीम के साथ न्यू सिटी ककरा खुर्द रोड तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पकड़ने के प्रयास में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक रणजीत बहादुर सिंह के हाथ के पास से गोली निकली, लेकिन वे सुरक्षित रहे। पुलिस ने जवाबी कार्यवाही की और एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश थाना निगोही क्षेत्र के मोहल्ला ककरा का निवासी भूरे उर्फ भूरिया है, जिसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके पास से एक अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।









.jpg)
.jpg)
.jpg)
