अपराध
11 Apr, 2026

बागपत में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना सहित 8 गिरफ्तार

बागपत में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जस्ट डायल के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर सरगना समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में सामान बरामद किया।

बागपत, 11 अप्रैल

साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बागपत जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने शनिवार को एक गिरोह का पर्दाफाश कर उसके सरगना सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में कई ऐसे युवक भी शामिल हैं जो एमबीए, बीबीए और बीएससी की पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे पूरे मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने बताया कि बली क्षेत्र के रहने वाले संदीप अग्रवाल ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि जस्ट डायल के माध्यम से सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे 2 लाख 15 हजार 100 रुपये की ठगी की गई।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम सेल ने जांच शुरू की और शनिवार को पुलिस के सहयोग से अलग-अलग स्थानों से आठ आरोपितों को दबोच लिया। इनमें शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी आदित्य, अश्वनी, फर्रुखाबाद निवासी उत्कर्ष, अंकुर और आकाश सिंह, बस्ती निवासी आयुष, अयोध्या के अतुल तथा सीतापुर निवासी सुमित शामिल हैं।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक तमंचा, एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक कार, 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट और 2 डेबिट कार्ड बरामद किए। यह सामग्री साइबर ठगी की बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में आदित्य बीएससी द्वितीय वर्ष, उत्कर्ष एमबीए द्वितीय वर्ष, अंकुर एमबीए प्रथम वर्ष, सरगना अश्वनी बीबीए प्रथम वर्ष, आयुष बीसीए पास, अतुल एमबीए प्रथम वर्ष और सुमित बीबीए पास शामिल हैं। इनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक मामले दर्ज हैं और इन्होंने मिलकर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपित विभिन्न जिलों के होने के बावजूद एक साथ कैसे जुड़े, इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़