भोपाल, 01 मई
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को एक पेपर फैक्ट्री में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई। बदमाशों ने फैक्ट्री में घुसकर संचालक और उसके परिवार पर हमला किया। घटना के बाद आरोपियों ने दो एसयूवी में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दो गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय अंकित गुप्ता, जो गोविंदपुरा में सोनी इंडस्ट्रीज नामक पेपर फैक्ट्री संचालित करते हैं, ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक फुटकर व्यापारी बनकर फैक्ट्री में आया और 30 हजार रुपये का माल लिया। भुगतान के दौरान युवक ने खुद को गोपाल पाटिल का आदमी बताते हुए विवाद खड़ा किया और धमकी दी। उस वक्त फैक्ट्री में अंकित का चचेरा भाई अमित मौजूद था।
करीब एक घंटे बाद, वह युवक अपने साथियों के साथ दो एसयूवी में वापस लौटा। फैक्ट्री में अंकित, अमित और ग्वालियर से आए उनके चाचा चंद्रप्रकाश गुप्ता मौजूद थे। बदमाशों ने फैक्ट्री के बाहर पहुंचकर एक हवाई फायर किया और फिर अंदर घुसकर दूसरी गोली चलाई, जो एक कर्मचारी के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने अंकित और उसके परिवार वालों को घेरकर डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने तलवार से भी वार किए, जिससे सभी घायल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।









