जमशेदपुर, 05 मई।
जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का गहन जायजा लिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे उपायुक्त के दौरे से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी, एक्स-रे यूनिट, एनआईसीयू, पीआईसीयू और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों के लिए बनाए गए वेटिंग एरिया, वाशरूम, किचन और चिकित्सकों के कक्ष की स्थिति भी देखी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इमरजेंसी वार्ड में अधिक भीड़ और पंजीकरण में हो रही देरी को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन काउंटर खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में देरी सीधे मरीजों के जीवन से जुड़ा विषय है, इसलिए व्यवस्था को हर हाल में सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा उपायुक्त ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने ब्लड बैंक का निरीक्षण कर रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कैंटीन की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को आंशिक रूप से संतोषजनक बताया, लेकिन कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)