भोपाल, 15 अप्रैल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 अप्रैल को सिवनी मालवा में नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन करेंगे। यह मार्ग राज्य राजमार्ग-67 के अंतर्गत आता है, जिसकी कुल लंबाई 72.18 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इस परियोजना पर लगभग 972.16 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इसका निर्माण कार्य एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे रोड शो में शामिल होंगे, जो रेंज ऑफिस चौराहा, कल्लू चौक, नर्मदा मंदिर चौक, सराफा बाजार, गांधी चौक और जय स्तंभ चौक से होते हुए पुराने बस स्टैंड तक पहुंचेगा।
कृषि उपज मंडी सिवनी मालवा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इसमें कुल 106.34 करोड़ रुपए की लागत से किए जाने वाले कार्य शामिल हैं, जिनमें 45 कार्यों का लोकार्पण और 51 कार्यों का भूमि-पूजन प्रस्तावित है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









.jpg)
.jpg)

.jpg)
