नई दिल्ली, 14 मई।
महाराष्ट्र के बारामती में रेड बर्ड एविएशन के प्रशिक्षण विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने जांच शुरू कर दी है। यह घटना बुधवार, 13 मई को हुई थी, जब सोलो उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने पर विमान को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
डीजीसीए द्वारा देर रात जारी बयान में बताया गया कि रेड बर्ड एविएशन के टेक्नाम 2008जेसी विमान (वीटी आरएफवाई) को एक ट्रेनी पायलट उड़ा रहा था। उड़ान के दौरान गोजुबोवी क्षेत्र में खेतों के पास आपात स्थिति उत्पन्न होने पर विमान को मजबूरी में उतारना पड़ा, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि पायलट सुरक्षित रहा।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पहले सर्किट और लैंडिंग सामान्य रूप से पूरी हुई थी, लेकिन दूसरे सर्किट लैंडिंग के दौरान ट्रेनी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने खुले मैदान में आपातकालीन लैंडिंग कर दी। विमान को नुकसान हुआ, लेकिन पायलट को कोई चोट नहीं आई।
डीजीसीए ने इस पूरी घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि रेड बर्ड एविएशन से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2021 से अब तक इस संस्थान के विमानों से जुड़ी यह सातवीं बड़ी दुर्घटना है, जिससे इसकी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण मानकों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।















