श्रीनगर, 14 मई।
कश्मीर विद्यालय शिक्षा निदेशालय (डीएसईके) ने सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बिना विभिन्न मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) द्वारा किए गए वरिष्ठ सहायकों के सभी अनधिकृत स्थानांतरण और तैनातियों को निरस्त कर दिया है।
विभागीय परिपत्र के अनुसार, जांच में पाया गया कि कई वरिष्ठ सहायकों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना तथा बिना पूर्व स्वीकृति के अलग-अलग संस्थानों और कार्यालयों में स्थानांतरित और तैनात किया गया था। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए डीएसईके ने सभी सीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के तबादला आदेश जारी न किए जाएं।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि नियमों के विरुद्ध स्थानांतरित सभी वरिष्ठ सहायक तुरंत अपने मूल पदस्थापन स्थल पर वापस रिपोर्ट करें। विभाग ने यह भी कहा है कि सभी डीडीओ ऐसे कर्मचारियों का वेतन तब तक जारी न करें, जब तक वे अपने मूल कार्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कर लेते।
डीएसईके ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह परिपत्र 13 मई 2026 को जारी किया गया था।





.jpg)








