भोपाल, 08 मई।
जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को लेकर प्रशासन ने भोपाल के हुजूर तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए खजूरी गांव की करीब 24 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। ईटखेड़ी रोड स्थित इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तीन दिन तक चले अभियान के दौरान प्रशासन ने अवैध कब्जों और खेती को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की। गुरुवार को यह अभियान पूरा किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और राजस्व अमला मौजूद रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अब खाली कराई गई इस जमीन पर तालाब निर्माण, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। करीब एक माह पहले हुए सीमांकन में इस शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई थी।
एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया के मुताबिक बरसात से पहले यहां तालाब निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और खेल मैदान के विकास की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।






.jpg)

.jpg)


