राजगढ़, 23 अप्रैल।
जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के अंतिम दौर में अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों ने गुरुवार को विरोध दर्ज कराते हुए जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मोहनपुरा डेम मार्ग स्थित वेयरहाउस खरीदी केंद्र के बाहर किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर सड़क अवरुद्ध कर दी, जिससे आवागमन बाधित हो गया। किसानों का कहना था कि स्लॉट बुकिंग में दिक्कतें, सैंपल रिजेक्ट होने और तुलाई में हो रही देरी के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
किसानों ने बताया कि एक ही खेत से लाई गई गेहूं की दो ट्रॉलियों में से एक का सैंपल पास कर दिया गया, जबकि दूसरी को बिना स्पष्ट कारण के अस्वीकार कर दिया गया। इस स्थिति से विवाद खड़ा हो गया। साथ ही खरीदी केंद्र पर संसाधनों की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। किसानों के अनुसार चार में से केवल दो तौल कांटे ही चालू हैं, जिससे तुलाई की प्रक्रिया धीमी हो गई है। वहीं 40 हम्मालों की जगह केवल 18 हम्माल कार्यरत होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सूचना मिलने पर एसडीएम निधि भारद्वाज और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने सैंपल की पुनः जांच करवाई, जिसके बाद विवाद का समाधान निकाला गया। इसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। एसडीएम ने बताया कि किसानों की समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है और अतिरिक्त तौल कांटे तथा हम्माल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि खरीदी प्रक्रिया अब सुचारू रूप से संचालित होगी।











.jpg)