उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक निजी अस्पताल के भीतर हुई गोलीकांड की घटना से हड़कंप मच गया, जहां भर्ती एक महिला मरीज की दूसरे मरीज ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी फैल गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
यह वारदात अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित निजी अस्पताल में सामने आई। बताया गया कि अस्पताल में भर्ती 55 वर्षीय महिला मरीज लक्ष्मीना देवी, जो बिहार के सासाराम की रहने वाली थीं, पांच अप्रैल से उपचाराधीन थीं। सुबह अचानक एक युवक उनके वार्ड में पहुंचा और नजदीक से गोली चला दी।
फायरिंग की आवाज से अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने अस्पताल में आने से पहले पर्चा भी बनवाया था, जिसमें उसने अपना नाम वीरेंद्र, निवासी अंबाला बताया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का मृतका से कोई संबंध था या नहीं और वह अस्पताल तक किस उद्देश्य से पहुंचा था।












