राजगढ़, 14 मई।
ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई, लेकिन मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। घटना प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर साबरमती एक्सप्रेस में सवार होते समय हुई।
जानकारी के मुताबिक, नरसिंहगढ़ के रामकुंड मोहल्ला निवासी नजमा खान अपने दो बच्चों के साथ अशोकनगर में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो रही थीं। ट्रेन के पिछले सामान्य कोच में चढ़ने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरीं। घटना को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
इसी दौरान स्टेशन परिसर में ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। जीआरपी के प्रधान आरक्षक दीपचंद माली, अजय यादव, आरक्षक राहुल सिंह तथा आरपीएफ जवान आर. डेविड और आर. पूरणमल ने तेजी दिखाते हुए ट्रेन रुकवाई और यात्रियों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल महिला को तुरंत ऑटो रिक्शा की मदद से सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार मिलने से उनकी स्थिति संभल गई। बाद में महिला के पति भी अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद उपचार के उपरांत नजमा को परिजनों के साथ भेज दिया गया।








.jpg)





