थाना हनुमानगंज पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इस अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त जोन-03 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और सहायक पुलिस आयुक्त राकेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में गठित टीम को 10 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित किचन लांज के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पन्नी में रखा ब्राउन रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला, जिसकी जांच में पुष्टि एमडी ड्रग्स के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 37 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी से मादक पदार्थ रखने से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अखरार खान पूर्व में दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा था। उस पर मारपीट, जुआ, सड़क दुर्घटना और नशा तस्करी जैसे कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखरार खान, पिता स्वर्गीय मुस्तफा खान, उम्र 50 वर्ष, निवासी बरखेड़ी जहांगीराबाद, भोपाल के रूप में हुई है।






.jpg)





