रायगढ़, 11 मई।
जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत तमनार पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी पुलिस की लगातार तलाश के बाद पकड़ में आया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राकेश सोनी उर्फ देवा, निवासी आमाघाट तमनार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ 18 जून 2024 को थाना तमनार में गुमशुदा बालिका की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बालिका के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई थी।
मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अक्टूबर 2025 में एक मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में प्रार्थी नरेंद्र सिदार की शिकायत पर उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया था।
नए मामले दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचकर फरार चल रहा था। साथ ही पॉक्सो प्रकरण में अदालत में पेशी पर अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
पुलिस ने विशेष अभियान के तहत आरोपी की तलाश तेज की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।





.jpg)






