नई दिल्ली, 13 अप्रैल।
बॉक्सर की सनसनीखेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव खरखौदा निवासी विकास दहिया उर्फ सोनू उर्फ ठेकेदार (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह काफी समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदलता रहा।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपी का मुख्य उद्देश्य पुरानी रंजिश के चलते अपने प्रतिद्वंद्वी बॉक्सर विकास डागर उर्फ भिंडा की हत्या करना था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और वारदात के दिन स्वयं मुख्य हमलावर बनकर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे बॉक्सर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना 30 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर क्षेत्र में हुई थी, जहां गोली लगने से बॉक्सर की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी और बाद में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 243/2025 दर्ज की गई। वारदात के बाद वह फरार हो गया था, जिस पर 18 अक्टूबर 2025 को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन चंडीगढ़ में ट्रेस की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी हत्या के मामले में दोषी रह चुका है। वर्ष 2010 में सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, हालांकि बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है और अपने फरार साथियों के बारे में भी अहम जानकारी दी है। पुलिस अब सुमित राणा उर्फ छोटू और कृष्ण दहिया उर्फ महाराज की तलाश में जुट गई है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।




.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)
.jpg)