शिमला, 30 मार्च।
हिमाचल प्रदेश में मौसम की सर्दी ने अपना असर बढ़ा दिया है और राज्य के कई हिस्सों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी रुक-रुक कर हो रही है, वहीं कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला भी जारी है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल तक खराब मौसम की संभावना जताई है और कई जिलों में अंधड़, ओलावृष्टि व आसमानी बिजली को लेकर येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
लाहौल-स्पीति जिले के केलंग में 2 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊँची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। शिमला, मनाली और अन्य मध्य व निचले इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बारिश के आंकड़े बताते हैं कि सराहन में 32.7 मिमी, कसौली में 32.0 मिमी, धर्मपुर में 27.6 मिमी, पच्छाद में 20.4 मिमी, सोलन में 18.4 मिमी, मनाली में 14.0 मिमी, सेओबाग में 11.4 मिमी, रोहड़ू में 10.0 मिमी, कंडाघाट में 8.4 मिमी, भुंतर में 7.8 मिमी और धर्मशाला में 7.2 मिमी वर्षा हुई। शिमला में 4.4 मिमी और सुंदरनगर में 4.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश और बर्फबारी से प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस गिरा। शिमला में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री, सुंदरनगर 12.1 डिग्री, भुंतर 9.3 डिग्री, कल्पा 3.0 डिग्री, धर्मशाला 9.5 डिग्री, ऊना 15.3 डिग्री, नाहन 15.3 डिग्री, केलंग 1.5 डिग्री, पालमपुर 13.5 डिग्री, सोलन 11.0 डिग्री, मनाली 7.1 डिग्री, कांगड़ा 15.2 डिग्री, मंडी 13.3 डिग्री और बिलासपुर 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने से पहाड़ी इलाकों में लोग गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं, जबकि मैदानी व निचले क्षेत्रों में भी मौसम ठंडा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आज कई स्थानों पर अंधड़, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य आठ जिलों में अलर्ट जारी रहेगा। शिमला, मंडी और कुल्लू में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में येलो अलर्ट जारी है।
31 मार्च को कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 1 और 2 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा, लेकिन अलर्ट जारी नहीं होगा। वहीं 3 और 4 अप्रैल को फिर से कई जिलों में अंधड़ और आसमानी बिजली की चेतावनी दी गई है। 5 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।




.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


