पश्चिम बंगाल
25 May, 2026

सॉल्टलेक भाजपा कार्यालय में ‘जनता दरबार’ में उमड़ी नौकरी अभ्यर्थियों की भीड़, समाधान की मांग तेज

सॉल्टलेक भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘जनता दरबार’ में नौकरी अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रतिनिधियों ने समाधान की मांग की और 26 हजार प्रभावित शिक्षकों के लिए न्याय की अपील की।

कोलकाता, 25 मई।

सॉल्टलेक स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सोमवार को आयोजित ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नौकरी अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से अपनी समस्याएं रखने के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे सुरक्षा कर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी प्रयास करने पड़े।

जानकारी के अनुसार, नौकरी अभ्यर्थियों के लगभग 15 संगठनों के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए पहुंचे थे। इनमें भर्ती घोटाले के कारण स्वयं को प्रभावित मानने वाले अभ्यर्थियों के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद नौकरी से वंचित हुए लगभग 26 हजार शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। सभी ने मुख्यमंत्री से शीघ्र समाधान की मांग की।

मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु ‘जनता दरबार’ शुरू करने की घोषणा की थी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से बताया गया है कि प्रत्येक सोमवार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक मुख्यमंत्री सॉल्टलेक कार्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे।

सोमवार सुबह मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कार्यालय परिसर के बाहर एकत्र हो गए थे। एक अभ्यर्थी ने बताया कि वे लंबे समय से मिलने की उम्मीद लेकर आए थे। उनका कहना था कि पूर्व मुख्यमंत्री से कई प्रयासों के बावजूद मुलाकात संभव नहीं हो सकी, जबकि शुभेंदु अधिकारी से अब सीधे मिलने का अवसर मिल रहा है। अभ्यर्थियों ने यह भी मांग की कि 26 हजार नौकरी गंवाने वाले योग्य उम्मीदवारों को न्याय दिया जाए।

कार्यक्रम में लॉकेट चटर्जी और शशी अग्निहोत्री सहित राज्य भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल से बंद कमरे में बातचीत करते रहे।

पिछले सोमवार को भी इसी प्रकार का ‘जनता दरबार’ आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। उस समय कई लोगों ने मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात पर संतोष व्यक्त करते हुए समाधान का आश्वासन मिलने की बात कही थी।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी अभियान में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर नौकरी घोटाले का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। अब सरकार बनने के बाद नौकरी अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान को लेकर आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़