नवादा, 25 मई।
नवादा जिले में चिकित्सक से हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक चारपहिया वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय सड़क लूट गिरोह से जुड़े कई मामलों की परतें भी खुलने की संभावना जताई जा रही है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सोमवार को जानकारी दी कि अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचगांवा स्थित हाईवे पर ड्यूटी से लौट रहे चिकित्सक के साथ अपराधियों ने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के बाद नेमदारगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की और छापेमारी शुरू की। इसके बाद नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के अमित कुमार, नारदीगंज के डोमावर निवासी सुधाकर राज और वारिसलीगंज क्षेत्र के रैकड़ निवासी राजा कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने सड़क लूट की कई अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से लूट गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है और सड़क लूट सहित अन्य घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







.jpg)







