अपराध
25 May, 2026

चाबी बनाने वाला बनकर घरों में चोरी करने वाला अंतरराज्यीय शातिर सेंधमार गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 50 हजार के इनामी और कई राज्यों में सक्रिय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो चाबी बनाने वाला बनकर घरों में सेंधमारी करता था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

नई दिल्ली, 25 मई।

घर में चाबी बनाने वाला बनकर घुसने और ताले खोलकर नकदी-जेवर सहित कीमती सामान चुराने वाले अंतरराज्यीय शातिर सेंधमार को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई मामलों में फरार चल रहा था, साथ ही अदालत उसे भगोड़ा भी घोषित कर चुकी थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी जोगिंदर सिंह (36) को अलीपुर क्षेत्र से दबोचा गया है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है और मध्य प्रदेश के इंदौर में भी रह चुका है। वह लंबे समय से दिल्ली सहित कई राज्यों में चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता आ रहा था और उसके खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मालवीय नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में भी आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसमें घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी किया गया था। इस मामले की ई-एफआईआर संख्या 8003196/24 दर्ज है।

जांच के दौरान पुलिस को उसकी भूमिका का पता चलने पर वह लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलता रहा और अदालत की कार्रवाई से भी बचता रहा। इसी वजह से उसके खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह कृष्णा नगर तथा गीता कॉलोनी के मामलों में भी भगोड़ा घोषित था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कई जगह दबिश दी। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

जांच में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच आवाजाही करता रहा। 24 मई को सूचना मिली कि वह अलीपुर इलाके में आने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और अब पुलिस उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़