अपराध
25 May, 2026

पिकअप से 427 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 427.95 किलो गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया और तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू की।

सुपौल, 25 मई।

पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 427.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 71 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है।

सूचना के अनुसार मधुबनी जिले के भुतहा क्षेत्र से गांजे की बड़ी खेप पिकअप वाहन में लादकर भागलपुर की ओर भेजी जा रही थी। इसके बाद पुअनि राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सिंहेश्वर मार्ग पर रेलवे पुल के आगे सोमवार सुबह करीब पांच बजे वाहन जांच अभियान चलाया गया।

नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध पिकअप को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट और डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर से बोरे में छिपाया गया गांजा बरामद हुआ, जिसे इलेक्ट्रॉनिक कांटा से तौलने पर कुल 427.95 किलोग्राम पाया गया।

जांच में सामने आया कि तस्करों ने बोरे के ऊपर खाली कैरेट रखकर माल को छिपाने का प्रयास किया था, ताकि किसी को शक न हो, लेकिन पुलिस की सतर्कता और पहले से मिली सूचना के कारण उनकी यह चाल नाकाम हो गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी उपेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यह खेप भुतहा से लेकर भागलपुर पहुंचाने जा रहा था।

पुलिस ने गांजा और पिकअप वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़