पश्चिम बंगाल, 25 मई।
पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत को लेकर पार्टी ने इसे ममता बनर्जी के लिए जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए राजनीतिक बदलाव की दिशा में बड़ा संकेत करार दिया है। भाजपा ने दावा किया कि इस परिणाम ने राज्य की राजनीति में नया संदेश दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को कहा कि फलता सीट पर मिली प्रचंड जीत ने तृणमूल कांग्रेस की कथित जिहादी राजनीति और हिंसा आधारित कार्यशैली को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि धमकी और सिंडिकेट आधारित राजनीति अब स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस सीट को तृणमूल कांग्रेस अपना मजबूत गढ़ मानती थी, वहां भाजपा की जीत इस बात का संकेत है कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर तेज हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तमाम विरोध और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमलों के बावजूद जनता ने लोकतंत्र के पक्ष में मतदान किया है।
पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए तरुण चुग ने कहा कि राज्य सरकार 23 जिलों में अवैध घुसपैठियों के लिए ‘होल्डिंग सेंटर’ स्थापित कर रही है, जहां उन्हें निर्वासन की प्रक्रिया तक रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इनमें अवैध बांग्लादेशी, रोहिंग्या और अन्य घुसपैठियों को रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने गृह मंत्रालय की गाइडलाइन की अनदेखी करते हुए इस प्रक्रिया को लंबे समय तक बाधित रखा था।







.jpg)







