भोपाल, 26 मई ।
ईदुज्जुहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश को ध्यान में रखते हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय ने 28 मई को प्रस्तावित सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक अब ये परीक्षाएं 7 जून, रविवार को आयोजित की जाएंगी।
यह निर्णय विश्वविद्यालय परिसर के साथ प्रदेशभर के उन सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी रहेगा, जहां एमसीयू की परीक्षाएं संचालित होती हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों के लिए नए प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे और पहले से जारी एडमिट कार्ड ही परीक्षा में मान्य रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों और संबद्ध अध्ययन संस्थानों से संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
उधर, पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाले साक्षात्कार कार्यक्रम में भी आंशिक बदलाव किया गया है। पहले 28 और 29 मई को प्रस्तावित इंटरव्यू अब 29 और 30 मई को आयोजित होंगे। 29 मई के साक्षात्कार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे, जबकि 28 मई को तय अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अब 30 मई को लिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें सार्वजनिक अवकाश के कारण परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल होने में असुविधा हो सकती थी।




.jpg)










