अपराध
30 May, 2026

चिट्टे के साथ पकड़ा तस्कर कोर्ट से भागा, पुलिस ने फिर दबोचा

शिमला में चिट्टा तस्करी मामले में गिरफ्तार एक आरोपी कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से भाग निकला, जिसे विशेष अभियान चलाकर दोबारा पकड़ लिया गया।

शिमला, 30 मई ।

शिमला पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। एनएच-5 पर जांच के दौरान एक टैक्सी में सवार दो युवकों के कब्जे से करीब 13 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन कोर्ट में पेशी के दौरान एक आरोपी के फरार होने से मामला अचानक चर्चा में आ गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दोबारा दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 28 मई को ख्वारा पुलिस चौकी की टीम एनएच-5 पर गश्त, यातायात जांच और अपराध रोकथाम ड्यूटी में तैनात थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक टैक्सी को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार दो युवकों के पास से करीब 13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कैथ और आर्यन धांटा के रूप में हुई है। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को एक जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में नया मोड़ 29 मई को उस समय आया, जब आरोपी साहिल कैथ को अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। पुलिस के मुताबिक उसने पेट दर्द की शिकायत करते हुए अदालत परिसर के शौचालय जाने की अनुमति मांगी और इसी दौरान पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस ने विशेष तलाश अभियान शुरू किया। कई टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही समय बाद पकड़ लिया और फिर से हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के फरार होने के मामले में अलग से प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार चिट्टा बरामदगी और हिरासत से भागने की कोशिश, दोनों मामलों में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़