नई दिल्ली, 01 जून।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने सोमवार सुबह म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की। यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
म्यांमार के राष्ट्रपति शनिवार को अपनी भारत यात्रा के तहत बोधगया पहुंचे थे, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर और सुजाता मंदिर के दर्शन किए। उसी शाम वे नई दिल्ली पहुंचे। इसके बाद शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उनसे भेंट की थी, जबकि रविवार को उन्होंने भारत-म्यांमार बिजनेस फोरम की बैठक में भाग लिया।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में होने वाली द्विपक्षीय वार्ता से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की यह मुलाकात हुई। इस दौरान भारत-म्यांमार सीमा की सुरक्षा स्थिति, उग्रवादी गतिविधियों तथा अशांत क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ बताया जा रहा है, जिनका सीधा प्रभाव भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ता है।
इसके साथ ही हाल ही में पूर्वोत्तर में ड्रोन प्रशिक्षण के लिए आए विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में यह बातचीत और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत और म्यांमार के बीच सुरक्षा सहयोग को लेकर यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।











