मध्य प्रदेश
01 Jun, 2026

ट्विशा शर्मा मौत केस में बड़ा मोड़, सीबीआई ने घटनास्थल पर शुरू किया सीन रीक्रिएशन

भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच में सीबीआई ने सीन रीक्रिएशन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है।

भोपाल, 01 जून।

मध्य प्रदेश की चर्चित अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई की जांच ने तेज और तकनीकी मोड़ ले लिया है। पांच दिन की संयुक्त रिमांड मिलने के बाद सीबीआई की विशेष टीम सोमवार सुबह रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके पुत्र समर्थ सिंह को लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच चार इमली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से बागमुगालिया के उनके निजी बंगले यानी घटनास्थल पर पहुंची।

जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की कड़ियों को जोड़ने और वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में थ्री-डायमेंशनल सीन रीक्रिएशन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत ट्विशा के वजन के बराबर 80 किलोग्राम का एक विशेष डमी पुतला तैयार कर उसे कमरे में फंदे पर लटकाकर फिर नीचे उतारा जाएगा, ताकि यह परखा जा सके कि फंदे की ऊंचाई, झुकाव और शव उतारने की थ्योरी आरोपित के बयान से मेल खाती है या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, रीक्रिएशन प्रक्रिया के दौरान घटना के समय मौजूद संभावित सभी गवाहों को मौके पर बुलाया गया है। घर के सुरक्षा गार्ड के बयान भी दर्ज कर मिलान किया जाएगा। समर्थ सिंह का बड़ा भाई भी उसी बंगले में मौजूद है, जहां दोनों आरोपितों से अलग-अलग और फिर एक साथ बैठाकर घटना की मिनट-दर-मिनट टाइमलाइन पर सवाल-जवाब किए जाएंगे।

आरोपित समर्थ सिंह लगातार इस मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रहा है और दावा कर रहा है कि गर्भपात के बाद ट्विशा अवसाद में थी। हालांकि सीबीआई इस दावे से संतुष्ट नहीं है। गर्भावस्था और मेडिकल इतिहास की पुष्टि के लिए उस डॉक्टर को समन भेजा गया है, जिसने कथित तौर पर गर्भपात की सलाह दी थी, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह निर्णय सहमति से था या किसी दबाव में लिया गया।

डिजिटल जांच में सीबीआई को कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनसे पता चला है कि 15 मई को एफआईआर दर्ज होने के बाद समर्थ तत्काल फरार नहीं हुआ था, बल्कि तीन दिन तक भोपाल में छिपा रहा और फिर बाद में जबलपुर जाकर लगभग पांच दिन तक ठिकाना बदलता रहा। अब जांच एजेंसी उन सभी व्यक्तियों की पहचान कर रही है जिन्होंने फरारी के दौरान उसे सहायता दी।

सीबीआई का पूरा फोकस इस बात पर है कि यदि यह आत्महत्या है तो अंतिम समय में परिस्थितियां क्या थीं, और यदि यह हत्या है तो घटनास्थल पर सबूतों से किस स्तर तक छेड़छाड़ की गई। फिलहाल घटनास्थल के आसपास सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और जांच को अत्यंत संवेदनशील तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़