कोलकाता, 01 जून ।
पश्चिम बंगाल की पहली भारतीय जनता पार्टी सरकार के मंत्रिमंडल का सोमवार को विस्तार किया गया। राज्य की राजधानी के लोकभवन में आयोजित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में सदस्यों की कुल संख्या अब 41 हो गई है।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्र-गीत ‘वंदे-मातरम्’ और राष्ट्र-गान ‘जन-गण-मन’ के गायन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी स्वयं इस अवसर पर उपस्थित रहे। इससे पूर्व रविवार को ही मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल विस्तार की औपचारिक घोषणा की थी। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त मंत्रियों के नामों की घोषणा की।
मंत्रिमंडल में तापस राय, मनोज उरांव, अर्जुन सिंह, गौरीशंकर घोष, दीपक बर्मन, अरूप कुमार दास, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, शंकर घोष और दुधकुमार मंडल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं, मालती रावा राय, राजेश महतो और इंद्रनील खां को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त, अशोक डिंडा, कौशिक चौधरी, जुएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, चांद बाउड़ी, गर्गी दास घोष, अमिय किस्कू, कलिता माझी, विराज विश्वास, सुमना सरकार, आनंदमय बर्मन, विशाल लामा और दीपंकर जाना ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में अधिकांश मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान धोती-कुर्ता में नजर आए और कई नेता अपने परिजनों के साथ उपस्थित हुए। इस गरिमामयी आयोजन में केंद्रीय मंत्री एवं बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मंत्री अग्निमित्रा पाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
नवनियुक्त मंत्रियों को सौंपे जाने वाले विभागों की आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण के पश्चात सभी मंत्री सीधे नवान्न (राज्य सचिवालय) पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। माना जा रहा है कि विभागों का आवंटन इसी उच्चस्तरीय बैठक के दौरान तय किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 09 मई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ली थी, जिसके बाद अब 35 नए मंत्रियों के समावेश से भाजपा सरकार का पूर्ण मंत्रिमंडल आकार ले चुका है।











