इंदौर, 02 जून।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित साईं सुमन कॉलोनी में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में एक ऑटो रिक्शा, दो बाइक और बिजली मीटर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, साईं सुमन कॉलोनी निवासी संजय डाबी ने शिकायत दर्ज कराई है कि जीत उर्फ बब्बन यादव और अर्पित ठाकुर ने उनके घर के बाहर वाहनों में आग लगाई। संजय डाबी ने बताया कि सोमवार रात दोनों आरोपी उनके घर के सामने खड़े होकर अभद्र भाषा का उपयोग कर रहे थे। घर में मेहमान होने के कारण उन्होंने आरोपियों को शांत रहकर वहां से जाने का आग्रह किया, जिस पर वे वहां से चले गए।
परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। कुछ देर बाद जलने की तेज गंध आने पर पड़ोसियों ने शोर मचाया। बाहर आकर देखा तो घर के सामने खड़ी ऑटो रिक्शा और पड़ोसी जयप्रसाद की बाइक समेत अन्य वाहन आग की लपटों में घिरे थे। संजय डाबी का आरोप है कि उन्होंने आरोपियों को मौके पर देखा था। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। बाणगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की धरपकड़ की जा सके।











