कुल्लू, 05 जून ।
हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए राज्य कर एवं आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में कुल्लू जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान विभागीय टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 45 पेटी अवैध शराब बरामद की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी। फोरलेन पर तलोगी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर 23 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इनमें 18 पेटी देशी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर शामिल थी।
एक अन्य कार्रवाई रामशिला क्षेत्र में की गई। यहां एक टिन शेड में अवैध रूप से रखी गई 22 पेटी शराब बरामद की गई। जब्त खेप में 12 पेटी देशी शराब, 1 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर शामिल थी।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग के अनुसार बरामद पूरी खेप को मौके पर ही नियमानुसार जब्त कर लिया गया। दोनों मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








.jpg)






