सारण, 05 जून ।
भगवान बाजार थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार स्थित सोनार पट्टी में ठगी की एक घटना सामने आई है। बाइक से पहुंचे दो शातिरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाया और मौका मिलते ही स्वर्णाभूषण लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार ईश्वर दयाल सर्राफ की दुकान पर उनका पुत्र बच्चा सर्राफ एक ग्राहक के साथ मौजूद था। इसी दौरान एक व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और विभिन्न आभूषण दिखाने की मांग करने लगा। विश्वास जीतने के लिए उसने पहले कुछ रुपये जमा होने की बात कही, लेकिन रिकॉर्ड नहीं मिलने पर नोटों की गड्डी से एक हजार रुपये निकालकर दिए और अन्य डिजाइन देखने की इच्छा जताई।
दुकानदार जब दूसरे आभूषण निकालने में व्यस्त हो गया, तभी आरोपी ने चालाकी से डिब्बे में रखा आभूषण का एक पैकेट उठा लिया। वहां मौजूद दूसरे ग्राहक की नजर पड़ते ही उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी दुकान से निकल चुका था। बाहर खड़े अपने साथी के साथ वह बाइक पर सवार होकर सब्जी मंडी की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों और उनके वाहन की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि दुकानदार की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)






