जबलपुर, 06 मई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के तिलवारा थाना क्षेत्र में देर रात एक गंभीर वारदात सामने आई, जिसमें पत्नी से अभद्रता का विरोध करने पर पति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे की है। तिलवारा क्षेत्र के जोधपुर पड़ाव निवासी दस्सी लाल, जो विवाह समारोहों में बैंड बजाने का काम करते थे, रात करीब नौ बजे अपने बेटे के साथ काम से घर लौटे थे।
रात में लगभग ढाई बजे उनकी पत्नी घर के बाहर वॉशरूम के लिए निकलीं, तभी वहां से गुजर रहे तीन बाइक सवार युवकों ने उन पर अभद्र टिप्पणी करना शुरू कर दिया। महिला के शोर मचाने पर पति दस्सी लाल और उनका बेटा तुरंत बाहर पहुंचे।
बताया गया कि दस्सी लाल ने युवकों की हरकत का विरोध किया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, इसी दौरान विवाद बढ़ गया और स्थिति हिंसक हो गई। बाइक सवार युवकों ने गुस्से में आकर दस्सी लाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
खून से लथपथ अवस्था में वह जमीन पर गिर पड़े, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
तिलवारा थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व उनके आने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।










