नई दिल्ली, 08 अप्रैल 2026।
बांग्लादेश की नई सरकार के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने अपने पहले भारत दौरे के तहत बुधवार को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से नई दिल्ली में भेंट की। इस मुलाकात में दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में भारत की इच्छा को दोहराया गया। बैठक के बाद विदेश मंत्रालय ने यह उम्मीद जताई कि इसके बाद संबंधित द्विपक्षीय वार्ता शीघ्र आयोजित की जाएंगी।
मुलाकात के दौरान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर भी मौजूद थे। जयशंकर ने नई सरकार के साथ रचनात्मक संवाद और द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। दोनों पक्षों ने संबंधित द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से सहयोग बढ़ाने और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा करने पर सहमति व्यक्त की।
विदेश मंत्री रहमान ने अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की। इस दौरान ऊर्जा, सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि शेख हसीना की सरकार के बाद हुए चुनाव में बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में नई सरकार सत्ता में आई है। इस बदलाव के साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने की संभावनाओं को लेकर दोनों देशों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है













