बिहार
15 May, 2026

छपरा में प्रेमी युगल थाने पहुंचकर कराई शादी, परिजनों की सहमति से हुआ विवाह

छपरा में सगाई के बाद विवाह में देरी से परेशान प्रेमी युगल थाने पहुंचा, जहां परिजनों की सहमति के बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।

सारण, 15 मई।

छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र में उस समय एक अनोखा मामला सामने आया जब बीती रात एक प्रेमी युगल खुद थाने पहुंच गया और पुलिस से अपनी शादी कराने की गुहार लगाने लगा। अचानक हुई इस घटना से थाने में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

मामला प्रेम संबंध और सगाई के बाद विवाह में हो रही देरी से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मांझी के ताजपुर निवासी बीरेंद्र महतो की पुत्री सुलेखा कुमारी और कटहरीबाग निवासी शम्भू कुमार के पुत्र सन्नी कुमार की सगाई लगभग छह माह पहले दौलतगंज स्थित धर्मनाथ धनी मंदिर में संपन्न हुई थी।

सगाई के बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा और दोनों ने एक साथ जीवन बिताने का निर्णय भी ले लिया था। लेकिन विवाह में देरी होने पर सुलेखा पुलिस लाइन स्थित गायत्री मंदिर पहुंची और वहां से सन्नी को फोन कर बुलाया, जिसके बाद दोनों सीधे नगर थाना पहुंच गए और पुलिस से मदद की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया, जिसमें सन्नी के माता-पिता और सुलेखा की बहन ललित देवी भी उपस्थित हुईं। प्रेमी युगल की शादी की जिद और परिजनों की सहमति के बाद मामला सुलझा और दोनों को पंकज सिनेमा रोड स्थित दुर्गा मंदिर ले जाया गया, जहां वरमाला की रस्म पूरी कर विवाह संपन्न कराया गया।

इसके बाद सन्नी के पिता शम्भू कुमार ने सुलेखा को अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर लिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में इस विवाह की खूब चर्चा हो रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़